Lucknow में आगरा एक्सप्रेस-वे पर बसेगी नई टाउनशिप, SCR के विकास के लिए LDA लाएगा बड़ा प्रोजेक्ट

Lucknow/UP: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे एक बहुत बड़ी टाउनशिप विकसित करने जा रहा है। यह प्रोजेक्ट स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के लिए विकास का मुख्य इंजन बनेगा, जिससे शहर के बाहर औद्योगिक और आर्थिक ग

Lucknow/UP: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे एक बहुत बड़ी टाउनशिप विकसित करने जा रहा है। यह प्रोजेक्ट स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के लिए विकास का मुख्य इंजन बनेगा, जिससे शहर के बाहर औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस योजना से न केवल लखनऊ का विस्तार होगा, बल्कि हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए मौके भी खुलेंगे।

LDA इस प्रोजेक्ट के जरिए औद्योगिक, स्वास्थ्य, शिक्षा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मजबूत करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह योजना लगभग 5,610 एकड़ जमीन पर फैली होगी, जिसमें सदर और सरोजिनी नगर तहसील के 12 गांव शामिल हैं। इन गांवों में भलिया, अदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ, मदरपुर, इब्राहिमगंज, नकतौरा, गहलवारा, तेजकृष्णा खेड़ा, रेवरी, सकरा और डोना शामिल हैं। इस बड़े प्रोजेक्ट में वरुण विहार जैसी योजनाएं भी शामिल हैं, जहां करीब 8 लाख लोग रह सकेंगे।

इस पूरे प्रोजेक्ट को यूपी सरकार की ‘मुख्यमंत्री शहरी विस्तार योजना’ के तहत लाया गया है। स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में लखनऊ के साथ उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर और हरदोई जिलों को जोड़ा गया है। इसका मकसद दिल्ली-एनसीआर की तर्ज पर लखनऊ पर बढ़ते जनसंख्या के दबाव को कम करना और आसपास के जिलों का संतुलित विकास करना है। इस पहल में वर्ल्ड बैंक भी तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इन टाउनशिप में बेहतरीन आवास और कनेक्टिविटी की सुविधा होगी, जिससे यह क्षेत्र एक नया एजुकेशनल हब बनेगा। गिरते भूजल स्तर को देखते हुए LDA ने तय किया है कि वरुण विहार जैसी नई योजनाओं में नदी आधारित जल आपूर्ति प्रणाली और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे। वरुण विहार में 17 एकड़ में प्लांट बनेगा, जो शुरुआत में 110 मिलियन लीटर प्रतिदिन पानी साफ करेगा।

LDA के अधिकारी जमीन अधिग्रहण के लिए गांव के प्रधानों और किसानों से सीधे बात कर रहे हैं। किसानों की मांगों को सुनते हुए मास्टर प्लान में आंतरिक सड़कें, ड्रेनेज सिस्टम, पब्लिक पार्क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल और श्मशान घाट जैसी सुविधाओं को शामिल किया जाएगा।