Lucknow में घर का सपना होगा पूरा, सुल्तानपुर से कानपुर रोड तक बनेंगे 18000 सस्ते फ्लैट
Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) शहर में रहने वाले मध्यम और कम आय वाले परिवारों के लिए एक बड़ी योजना लाने जा रहा है। इसके तहत सुल्तानपुर रोड से कानपुर रोड के बीच करीब 18,000 किफायती फ्लैट बनाए जाएंगे। इस पूरी योजना से
Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) शहर में रहने वाले मध्यम और कम आय वाले परिवारों के लिए एक बड़ी योजना लाने जा रहा है। इसके तहत सुल्तानपुर रोड से कानपुर रोड के बीच करीब 18,000 किफायती फ्लैट बनाए जाएंगे। इस पूरी योजना से लखनऊ के लगभग 90 हजार से ज्यादा नागरिकों को सीधा फायदा पहुंचने की उम्मीद है।
LDA ने इस योजना के लिए ज़ोनल डेवलपमेंट प्लान के नक्शे में पहले ही जगह तय कर ली है। सर्वे के बाद यह पाया गया कि क्लस्टर-2 यानी सुल्तानपुर रोड और कानपुर रोड के इलाके में करीब 18,113 नए घरों की जरूरत है। इसी जरूरत को देखते हुए प्राधिकरण ने यह कदम उठाया है। इन फ्लैटों का क्षेत्रफल लगभग 800 वर्ग फुट रखा गया है और इसके लिए कुल 61.66 हेक्टेयर जमीन आरक्षित की गई है, जिसमें से 53.83 हेक्टेयर का उपयोग किया जाएगा।
किफायती आवास के अलावा LDA लखनऊ में कई अन्य प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहा है। इनमें अनंत नगर का अदिति अपार्टमेंट, शारदा नगर विस्तार का बागेश्वरी अपार्टमेंट और बसंतकुंज का पार्क व्यू अपार्टमेंट शामिल है। इन योजनाओं में 1BHK और 2BHK फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनकी शुरुआती कीमत 8 लाख से 8.99 लाख रुपये के आसपास है। इसके साथ ही जानकीपुरम और कानपुर रोड स्थित कॉलोनियों में रेडी-टू-मूव फ्लैट्स भी दिए जा रहे हैं।
आम आदमी को बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भुगतान की सुविधा भी दी गई है। इसके जरिए घर खरीदार केवल 25% रकम जमा करके अपने घर का कब्जा ले सकते हैं। बाकी बची 75% राशि को आसान और लंबी अवधि की किस्तों (EMI) में चुकाने का मौका मिलेगा।