Lucknow में बिजली कटौती पर बवाल, लौलई सबस्टेशन में तोड़फोड़ कर भागे कर्मचारी, 100 लोगों पर केस दर्ज
Lucknow: राजधानी के चिनहट इलाके में बिजली कटौती से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया। कांशीराम योजना के निवासियों ने लौलई बिजली उपकेंद्र (Laulai Power Substation) पर धावा बोलकर तोड़फोड़ की, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी अपनी ज
Lucknow: राजधानी के चिनहट इलाके में बिजली कटौती से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया। कांशीराम योजना के निवासियों ने लौलई बिजली उपकेंद्र (Laulai Power Substation) पर धावा बोलकर तोड़फोड़ की, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी अपनी जान बचाकर भागने पर मजबूर हो गए। इस घटना के बाद बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
यह पूरा विवाद शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे शुरू हुआ जब इलाके की बिजली गुल हो गई। करीब 40 मिनट बाद गुस्साए लोग सबस्टेशन पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ ने कर्मचारियों पर हमला किया, जिसमें ऑपरेटर अंबरीश कुमार और कर्मचारी दीपक को चोटें आईं। कुछ कर्मचारी अपनी बाइक वहीं छोड़कर भागे, जबकि एक कर्मचारी अंदर छिपकर पुलिस को फोन कर मदद मांगी। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। शनिवार रात करीब 2 बजे जाकर बिजली सप्लाई बहाल हो पाई।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने इस समस्या के अलग-अलग कारण बताए हैं। Executive Engineer धर्मेंद्र सक्सेना के मुताबिक, AB केबल और DB बॉक्स में आग लगने की वजह से बिजली गुल हुई थी। वहीं Executive Engineer धीरज यादव ने बताया कि ताज़िया जुलूस की वजह से शुक्रवार दोपहर बिजली काटी गई थी और रात में केबल जलने का मुख्य कारण कॉलोनी में हो रही बिजली चोरी रही। दूसरी तरफ, स्थानीय निवासी पिंटू श्रीवास्तव का आरोप है कि उन्होंने कई बार SDO और JE को फोन किया लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया।
शनिवार को कांशीराम कॉलोनी की महिलाओं ने भी प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पिछले 10 दिनों से लगातार बिजली कटौती हो रही है और शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। चिनहट इंस्पेक्टर डी.सी. मिश्रा ने पुष्टि की है कि जेई निलेश सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
लखनऊ के अन्य इलाकों में भी बिजली का बुरा हाल रहा। गोमती नगर में ट्रांसफार्मर जल गया, अमीनाबाद में केबल जलने से अंधेरा रहा और रामगढ़, जगतखेड़ा समेत अंबेडकर यूनिवर्सिटी सब-सेंटर से जुड़े इलाकों में भी रात भर बिजली संकट बना रहा। इंदिरानगर ए-ब्लॉक के निवासियों ने भी बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अपनी नाराजगी जाहिर की।