Lucknow में मुहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, खुर्रम नगर चौकी पर पीस कमेटी की बैठक में दिए गए सख्त निर्देश

Lucknow: राजधानी लखनऊ के खुर्रम नगर इलाके में मुहर्रम के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आगामी पर्व को देखते हुए खुर्रम नगर चौकी परिसर में पीस कमेटी की एक अहम बैठक बुलाई गई।

Lucknow: राजधानी लखनऊ के खुर्रम नगर इलाके में मुहर्रम के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आगामी पर्व को देखते हुए खुर्रम नगर चौकी परिसर में पीस कमेटी की एक अहम बैठक बुलाई गई। इस बैठक की अध्यक्षता चौकी प्रभारी रंजीत सिंह ने की, जिसमें स्थानीय धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।

लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में 21 मई 2026 से 19 जुलाई 2026 तक धारा-163 (बीएनएसएस) लागू है, जिसके तहत बिना अनुमति के कोई भी धार्मिक आयोजन या कार्यक्रम नहीं किया जा सकेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ताजिया जुलूसों के लिए समय से अनुमति लेना जरूरी होगा और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सभी आयोजन पुराने तय रास्तों और परंपराओं के अनुसार ही होंगे।

प्रशासन ने जुलूस के दौरान भीड़ और शोर-शराबे को लेकर भी गाइडलाइंस जारी की हैं। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के लिए पूर्व अनुमोदन जरूरी होगा और आवाज को सुप्रीम कोर्ट के नियमों के अनुसार नियंत्रित रखा जाएगा। इसके अलावा, ताजिया की ऊंचाई भी मानक के अनुरूप सीमित रखनी होगी। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता की सुविधा के लिए नगर निगम और विद्युत विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल और बिजली की तारों को दुरुस्त रखा जाए ताकि कोई हादसा न हो। सुरक्षा के लिहाज से पूरे जुलूस की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी, हालांकि मुख्यमंत्री आवास और विधान भवन जैसे सरकारी इलाकों में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने भी हुसैनाबाद क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।