Lucknow में मामूली टक्कर के बाद कांवड़ियों ने स्कूल वैन पर किया हमला, सहमीं छात्राएं
Lucknow: राजधानी के चौक इलाके में सोमवार को एक स्कूल वैन और मोटरसाइकिल की मामूली टक्कर हो गई। इस बात पर गुस्साए कुछ कांवड़ियों ने स्कूल वैन पर हमला कर दिया, जिससे वैन में सवार छात्राएं बुरी तरह डर गईं। यह पूरी घटना चौक क
Lucknow: राजधानी के चौक इलाके में सोमवार को एक स्कूल वैन और मोटरसाइकिल की मामूली टक्कर हो गई। इस बात पर गुस्साए कुछ कांवड़ियों ने स्कूल वैन पर हमला कर दिया, जिससे वैन में सवार छात्राएं बुरी तरह डर गईं। यह पूरी घटना चौक के चरक चौराहा पर हुई।
जानकारी के मुताबिक, Emma Thompson School लालबाग की एक मारुति वैन, जिसे आमिर चला रहा था, उसमें चार छात्राएं अमयरा, बैतुल, आर्या और रोशनी सवार थीं। रास्ते में वैन की टक्कर एक मोटरसाइकिल से हो गई, जिसे कांवड़ यात्री चला रहे थे। इसके बाद तीन मोटरसाइकिलों पर सवार करीब छह कांवड़ियों ने वैन को घेर लिया और हमला कर दिया।
शुरुआती खबरों में पथराव की बात कही गई थी, लेकिन एएसपी शुभम कुमार ने इसे स्पष्ट किया है। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने वैन के पीछे के शीशे और साइड मिरर पर घूंसे मारे, जिससे वे टूट गए। गनीमत रही कि इस हमले में किसी भी बच्चे को कोई शारीरिक चोट नहीं आई है, लेकिन बच्चे काफी सहम गए थे।
पुलिस ने ड्राइवर आमिर की शिकायत पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 131 (बिना वजह हमला करना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज हुआ है। डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है। एएसपी शुभम कुमार के मुताबिक, जिन तीन मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल हमले में हुआ था, उनके नंबर मिल चुके हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं।