Lucknow में ओवरटेक को लेकर विवाद, कांवड़ियों ने स्कूल वैन पर किया हमला, डरे हुए हैं बच्चे
Lucknow: राजधानी लखनऊ के चौक इलाके में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेक को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कांवड़ियों ने लड़कियों से भरी स्कूल वैन पर हमला कर दिया। यह घटना चरक चौराहे पर हुई, जहां तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोगों
Lucknow: राजधानी लखनऊ के चौक इलाके में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेक को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कांवड़ियों ने लड़कियों से भरी स्कूल वैन पर हमला कर दिया। यह घटना चरक चौराहे पर हुई, जहां तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोगों ने वैन में तोड़फोड़ की। इस घटना की वजह से वैन में सवार छोटी बच्चियां बुरी तरह डर गईं।
वैन चालक आमिर के मुताबिक, कांवड़ियों ने ओवरटेक करने की कोशिश की और फिर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब वैन रोकी गई, तो उन्होंने गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस हमले में वैन का विंडशील्ड और साइड मिरर टूट गए। वैन में मिशनरी स्कूल की करीब आधा दर्जन लड़कियां सवार थीं, जिनमें तीसरी कक्षा की एक छात्रा भी शामिल थी। कुछ बच्चों को कांच टूटने की वजह से हल्की चोटें भी आईं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वैन चालक आमिर की शिकायत पर जानलेवा हमले की धारा में FIR दर्ज की है। सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार ने बताया कि पुलिस के पास घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि, चौक पुलिस स्टेशन के एसएचओ नागेश उपाध्याय ने शुरुआत में इसे मामूली टक्कर बताकर सुलह की बात कही थी, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो ने हमले की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस अब इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि कांवड़ यात्रा के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों या उपद्रव करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के अभिभावकों में डर का माहौल है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।