UP में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की हालत खराब, उद्घाटन के 13 दिन बाद ही धंसने लगी सड़क
UP: लखनऊ और कानपुर के बीच बना नया एक्सप्रेसवे अपनी खराब गुणवत्ता की वजह से चर्चा में है। करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई 2026 को हुआ था, लेकिन महज 13 दिन बाद ही सड़क धंसने लगी।
UP: लखनऊ और कानपुर के बीच बना नया एक्सप्रेसवे अपनी खराब गुणवत्ता की वजह से चर्चा में है। करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई 2026 को हुआ था, लेकिन महज 13 दिन बाद ही सड़क धंसने लगी। अब इस सड़क की मजबूती और निर्माण की क्वालिटी पर बड़े सवाल उठ रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर सड़क धंसने और स्लिपेज की समस्या आई है। करीब 24 दिनों के अंदर 15 जगहों पर सड़क धंसी और 60 पैच लगाने पड़े। एक ग्राउंड रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों तरफ की सड़कों पर कुल 84 जगहों पर मरम्मत का काम चला है, जिसमें कानपुर की तरफ 39 और लखनऊ की तरफ 45 लोकेशन शामिल हैं। कुछ हिस्सों में तो सिर्फ पैचवर्क नहीं, बल्कि पूरी सड़क को दोबारा बनाने की जरूरत पड़ी है।
इस एक्सप्रेसवे का निर्माण PNC Infratech Limited ने किया था और इसका DPR Egis India Consulting Engineers Pvt. Ltd. ने तैयार किया था। सड़क की इस हालत को देखते हुए NHAI ने सख्त कदम उठाए हैं। NHAI ने PNC Infratech को ‘नॉन-परफॉर्मिंग कॉन्ट्रैक्टर’ घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे कंपनी भविष्य में NHAI के प्रोजेक्ट्स के लिए बोली नहीं लगा पाएगी। साथ ही, जब तक मरम्मत का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक टोल वसूली बंद कर दी गई है। मरम्मत में आने वाले करीब 3 करोड़ रुपये और टोल के नुकसान की भरपाई ठेकेदार से ही की जाएगी।
प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर को हटा दिया गया है और तीन इंजीनियरों को दो साल के लिए प्रोजेक्ट्स से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सड़क क्यों धंसी, इसकी तकनीकी जांच के लिए IIT Kharagpur की एक एक्सपर्ट कमेटी बनाई गई है। शुरुआती तौर पर नमी घुसने को इसका कारण माना जा रहा है। जांच के लिए लेजर प्रोफाइलोमीटर तकनीक का इस्तेमाल कर सड़क की 3D इमेज बनाई जाएगी।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें मजदूर ताजे बिटुमेन (डामर) को सुखाने के लिए पेडस्टल पंखों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिस पर लोग काफी मजाक बना रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस विवाद के बीच PNC Infratech को 16 जुलाई 2026 को NHAI के दो नए प्रोजेक्ट्स मिले हैं, जिनकी कुल कीमत 3,483 करोड़ रुपये है।