Lucknow-Kanpur के बीच अब 35 मिनट में पूरा होगा सफर, कल होगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन
UP/Lucknow: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. लखनऊ और कानपुर के बीच की दूरी अब बहुत कम होने जा रही है. कल 13 जुलाई 2026 को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का भव्य उद्घाटन होगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यन
UP/Lucknow: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. लखनऊ और कानपुर के बीच की दूरी अब बहुत कम होने जा रही है. कल 13 जुलाई 2026 को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का भव्य उद्घाटन होगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहेंगे. कुल 4850 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली तीन नेशनल हाईवे परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा.
कार्यक्रम की शुरुआत उन्नाव के पुरवा विधानसभा के ग्राम पंचायत पड़री खुर्द के झाऊखेड़ा से होगी. दोपहर करीब 3:30 बजे तीनों दिग्गज नेता उन्नाव पहुंचेंगे और एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे. वहां 49 किलोमीटर पर फीता काटने के बाद वे कार से लखनऊ के लिए रवाना होंगे. सुरक्षा को लेकर उन्नाव पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.
यह एक्सप्रेस-वे करीब 63 किलोमीटर लंबा और छह-लेन का है, जिसे आगे चलकर आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है. सबसे बड़ी राहत यह है कि अब लखनऊ से कानपुर जाने में 2.5 से 3 घंटे का समय लगता था, जो अब घटकर सिर्फ 30 से 45 मिनट रह जाएगा. इस सड़क पर गाड़ियां 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी.
| विशेषता | विवरण |
|---|---|
| कुल लंबाई | लगभग 63 किलोमीटर |
| अधिकतम गति | 120 किमी/घंटा |
| टोल दर (एक तरफ) | कार/जीप/SUV के लिए ₹275 |
| रिटर्न टोल (24 घंटे) | ₹415 |
| टोल शुरू होने का समय | 14 जुलाई, सुबह 8 बजे से |
| तकनीक | बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे, AI आधारित कैमरे |
यह देश का पहला ऐसा एक्सप्रेस-वे है जहां कोई बैरियर नहीं होगा. निगरानी के लिए 63 सीसीटीवी कैमरे और 16 वीडियो डिटेक्शन सिस्टम लगाए गए हैं. अगर कोई दुर्घटना होती है, तो 15 मिनट के भीतर मदद पहुंचाई जाएगी. यह रास्ता लखनऊ के अमौसी को उन्नाव के शुक्लागंज होते हुए कानपुर के आजाद चौक से जोड़ेगा. इससे न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि उन्नाव में औद्योगिक गलियारा बनने से करीब एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.
उद्घाटन के अलावा राजनाथ सिंह लखनऊ के KGMU के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और सैनिक स्कूल सरोजिनी नगर के वार मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे. इसी दौरान इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर का शिलान्यास भी किया जाएगा.