Lucknow-Kanpur Expressway पर हादसे में दो युवकों की मौत, बाइक चलाने पर लगी थी रोक

UP/Lucknow: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक शुरू होने के दूसरे ही दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। यह घटना बुधवार शाम की है, जब एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पू

UP/Lucknow: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक शुरू होने के दूसरे ही दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। यह घटना बुधवार शाम की है, जब एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक होने के बावजूद दो युवक बाइक लेकर अंदर घुस गए थे।

हादसा बनथरा कस्बे के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 20.5 पर हुआ। मृतकों की पहचान उन्नाव जिले के निवासी हिमांशु सिंह (25 वर्ष) और हरदोई के संडीला निवासी शैलेंद्र सिंह (24 वर्ष) के रूप में हुई है। बनथरा इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि हादसे के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि उस वाहन का पता लगाया जा सके जिससे उनकी टक्कर हुई और जो मौके से फरार हो गया।

बता दें कि इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था और 14 जुलाई से इसे आम जनता के लिए खोला गया था। नियमों के मुताबिक इस एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर पर बाइक, स्कूटर, ऑटो, साइकिल और ट्रैक्टर जैसे धीमी गति के वाहनों का चलना सख्त मना है। यहाँ कारों के लिए अधिकतम स्पीड लिमिट 120 किमी प्रति घंटा तय की गई है और निगरानी के लिए AI आधारित कैमरों का सिस्टम लगाया गया है।

हादसे के बाद अब एक्सप्रेसवे की मॉनिटरिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जब बाइक प्रतिबंधित थी, तो वे अंदर कैसे पहुंचे। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक लोग शॉर्टकट के जरिए एक्सप्रेसवे में घुस रहे हैं। साथ ही टोल प्लाजा पर भी कुछ दिक्कतें देखी गई हैं, जहाँ फास्टैग और नंबर प्लेट सेंसर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे गाड़ियों की लंबी कतारें लग रही हैं। दरोगाखेड़ा एंट्री पॉइंट पर बिना टोल दिए गाड़ियां अंदर जा रही हैं क्योंकि वहां कोई स्कैनिंग सिस्टम नहीं है।