Lucknow के जवाहर भवन में भीषण आग, 4 मंजिला सरकारी इमारत की चौथी मंजिल जलकर खाक, बाल-बाल बचे कर्मचारी
UP/Lucknow : राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब जवाहर भवन नाम की सरकारी इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इसका काला धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर से ही दिखाई दे रहा था। सूचना म
UP/Lucknow : राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब जवाहर भवन नाम की सरकारी इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इसका काला धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर से ही दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
यह आग सोमवार सुबह करीब 10 बजे चौथी मंजिल पर स्थित कैंटीन और खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय में लगी। आग लगते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। जवाहर भवन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडे ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने पहले फायर सेफ्टी सिस्टम से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग बहुत तेजी से फैली। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल और जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर मौके पर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी पूरी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, इसलिए अब इसके विकल्प पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
राहत और बचाव कार्य के दौरान दमकल विभाग, पुलिस और SDRF की टीमें तैनात रहीं। आग बुझाने के दौरान जर्जर हालत की वजह से भवन की छत का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। प्रशासन को आशंका है कि आग की वजह से कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें और दस्तावेज जल गए होंगे, जिसका आकलन आग पूरी तरह शांत होने के बाद किया जाएगा।