Lucknow के जानकीपुरम में सीवर बना मुसीबत, सड़क निर्माण में दब गए मैनहोल; विधायक ने अधिकारियों को दी चेतावनी
Lucknow: जानकीपुरम प्रथम के निवासियों के लिए सीवर की समस्या बड़ी मुसीबत बन गई है। इलाके के लोग और पार्षद अधिकारियों की कार्यप्रणाली से काफी नाराज हैं। आरोप है कि अधिकारी जमीनी हकीकत छिपाकर झूठी रिपोर्ट लगाते हैं, जिसकी व
Lucknow: जानकीपुरम प्रथम के निवासियों के लिए सीवर की समस्या बड़ी मुसीबत बन गई है। इलाके के लोग और पार्षद अधिकारियों की कार्यप्रणाली से काफी नाराज हैं। आरोप है कि अधिकारी जमीनी हकीकत छिपाकर झूठी रिपोर्ट लगाते हैं, जिसकी वजह से जनता को गंदे पानी और बदबू का सामना करना पड़ रहा है।
मामला जानकीविहार कॉलोनी का है, जहां हाल ही में सड़क बनाने के दौरान बड़ी लापरवाही हुई। सड़क निर्माण के समय लगभग 18 से 20 सीवर मैनहोल चैंबरों को सड़क के नीचे दबा दिया गया। इस वजह से सीवर नेटवर्क की सफाई पूरी तरह रुक गई और घरों में गंदा पानी वापस आने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस लापरवाही से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, नालियों का सीधा जुड़ाव सीवर लाइनों को जाम कर रहा है। अब सुएज इंडिया की टीम दबे हुए मैनहोलों को ढूंढने और सफाई करने के काम में जुटी है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने पुरनिया स्थित अपने कार्यालय में जल निगम, जल कल विभाग और सुएज इंडिया के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। विधायक ने सीवर चोक और ओवरफ्लो की समस्या पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का स्थायी समाधान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर तय समय में काम पूरा नहीं हुआ या लापरवाही मिली, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नए काम भी शुरू हुए हैं। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने 1.45 करोड़ रुपये से अधिक की दो परियोजनाओं का भूमिपूजन किया है। इसमें गुडम्बा थाना के पीछे सेक्टर-एच में 90.40 लाख रुपये की लागत से सड़क, नाली और पुलिया का काम होगा। साथ ही रघुकुल कॉलोनी में 55.05 लाख रुपये की लागत से नई सी.सी. सड़क और नाली बनाई जाएगी, ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिल सके।