Lucknow में कूड़ा फेंकने का विरोध करने पर मां-बेटे पर हमला, सिर फटा; 6 लोगों पर केस दर्ज

Lucknow: राजधानी के इटौंजा इलाके में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां रायपुर राजा गांव में कूड़ा डालने का विरोध करने पर एक महिला और उसके बेटे को बुरी तरह पीटा गया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल

Lucknow: राजधानी के इटौंजा इलाके में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां रायपुर राजा गांव में कूड़ा डालने का विरोध करने पर एक महिला और उसके बेटे को बुरी तरह पीटा गया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किया, जिससे दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित महिला विमला ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी छोटेलाल के परिवार वाले अक्सर उनके घर के पास कूड़ा और जूठा खाना फेंक देते थे। जब विमला ने इस बात का विरोध किया, तो छोटेलाल और उनके परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अपने अन्य रिश्तेदारों को बुला लिया और विमला व उनके बेटे रमाकांत पर हमला बोल दिया।

इस हमले में विमला और रमाकांत लहूलुहान हो गए और उनके सिर फट गए। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर हमलावरों ने उन्हें छोड़ा। घायलों को तुरंत स्थानीय स्तर पर इलाज दिलाया गया।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इटौंजा थाना प्रभारी निरीक्षक सोबरन सिंह ने बताया कि विमला की शिकायत के आधार पर छोटेलाल, करन, सुरेंद्र और शिवपाल समेत कुल छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।