Lucknow में दहेज हत्या मामला, नहर से मिला नवविवाहिता का शव; पति समेत 5 गिरफ्तार
Lucknow: लखनऊ के इटौंजा इलाके से लापता हुई 26 साल की नवविवाहिता हिमांशी कश्यप का शव नगराम की इंदिरा नहर से बरामद हुआ है। परिवार ने कपड़ों के जरिए उसकी पहचान की। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जता
Lucknow: लखनऊ के इटौंजा इलाके से लापता हुई 26 साल की नवविवाहिता हिमांशी कश्यप का शव नगराम की इंदिरा नहर से बरामद हुआ है। परिवार ने कपड़ों के जरिए उसकी पहचान की। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और थाने के बाहर जमकर हंगामा किया, जिसके दौरान हिमांशी की छोटी बहन प्रियांशी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे समय रहते बचा लिया।
पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमांशी के पति प्रदीप गौड़, सास सुनीता और ननद राखी को जम्मू से गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 5 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। हिमांशी और प्रदीप गौड़ ने फरवरी 2026 में प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के दो महीने बाद ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। 11 जुलाई की रात हिमांशी ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि उसे मारा-पीटा जा रहा है और उसकी जान को खतरा है, इसलिए उसे वहां से ले जाया जाए।
हिमांशी के पिता पवन कुमार कश्यप ने 13 जुलाई को पति, सास, ससुर, ननद और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। बीकेटी पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले, जिसमें कार के जरिए शव ले जाने की संदिग्ध गतिविधियां दिखीं। आरोपियों की निशानदेही पर ही शव बरामद हुआ। पूछताछ में पति प्रदीप गौड़ ने पहले शव जलाने की बात कही, लेकिन बाद में बयान बदलकर इसे आत्महत्या बताया और कहा कि उसने शव नहर में फेंका था।
एसीपी बख्शी का तालाब विकास पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ होगी। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए जल्द सजा दिलाने का भरोसा दिया है। फिलहाल हिमांशी के जेठ संदीप कुमार फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।