Lucknow में दर्दनाक हादसा, पानी से भरे टब में डूबने से 2 साल की बच्ची की मौत

Lucknow/Itauja: लखनऊ के इटौंजा इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहाँ महोना नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 में शुक्रवार देर रात एक दो साल की मासूम बच्ची की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। बच्ची अपने ननिहाल आई

Lucknow/Itauja: लखनऊ के इटौंजा इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहाँ महोना नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 में शुक्रवार देर रात एक दो साल की मासूम बच्ची की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। बच्ची अपने ननिहाल आई हुई थी और खेलते समय अचानक पानी के टब में औंधे मुंह गिर गई।

मृतक बच्ची की पहचान शिवरा (या शिगरा) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से खुर्रमनगर की रहने वाली थी और पिता शानू की बेटी थी। बच्ची अपने मामा शफीक खान के घर आई हुई थी, जहाँ यह हादसा हुआ। परिजनों ने जब काफी देर तक बच्ची को नहीं देखा, तो उन्होंने घर और आसपास तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची पानी से भरे टब में औंधे मुंह पड़ी मिली।

घबराए हुए परिजन तुरंत बच्ची को लेकर बख्शी का तालाब स्थित राम सागर मिश्र 100 शैय्या अस्पताल पहुंचे। यहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना था कि बच्ची की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

इस मामले में इटौंजा इंस्पेक्टर सोबरन सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से अब तक थाने में कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। हालांकि, पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच कराई जाएगी।