Lucknow के इस्कॉन मंदिर में गुंडिचा मार्जन महोत्सव आयोजित, कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन) में बुधवार को गुंडिचा मार्जन महा महोत्सव मनाया गया। यह आयोजन भगवान जगन्नाथ के स्वागत की तैयारियों के तौर पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन) में बुधवार को गुंडिचा मार्जन महा महोत्सव मनाया गया। यह आयोजन भगवान जगन्नाथ के स्वागत की तैयारियों के तौर पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया। मंदिर परिसर की सफाई के जरिए श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
15 जुलाई को सुबह 5 बजे से 9 बजे तक चले इस महोत्सव में भक्तों ने 100 झाड़ू और 100 जल कलशों का उपयोग कर पूरे मंदिर की सफाई की। मंदिर प्रशासन के अनुसार, चैतन्य महाप्रभु के निर्देशों के आधार पर यह सफाई केवल बाहरी नहीं, बल्कि हृदय से अहंकार, क्रोध और ईर्ष्या जैसी बुराइयों को दूर करने का प्रतीक है। इसी दिन शाम 4 बजे भगवान जगन्नाथ की विशेष आरती भी की गई।
इस पूरे आयोजन की विस्तृत जानकारी 14 जुलाई को ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित एक प्रेसवार्ता में दी गई। मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने बताया कि रथ यात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इस दौरान इस्कॉन दिल्ली के उपाध्यक्ष वृजेंद्र नंदन प्रभु और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
16 जुलाई को सुबह 10 बजे हरिनाम संकीर्तन के साथ रवींद्रालय, चारबाग से भव्य रथ यात्रा शुरू होगी। इसमें भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के साथ-साथ राम दरबार, राधा-कृष्ण और श्रील प्रभुपाद की झांकियों वाले चार रथ आकर्षण का केंद्र रहेंगे। यात्रा के दौरान मुकुंदा रॉक बैंड, इस्कॉन गर्ल्स फोरम और प्रभुपाद यूथ आर्मी के सदस्य भी शामिल होंगे।
रथ यात्रा का मार्ग रवींद्रालय से बासमंडी चौराहा, हीवेट रोड, कैंट चौराहा, नावेल्टी सिनेमा और हलवासिया तिराहा होते हुए हजरतगंज के जहांगीराबाद पैलेस तक रहेगा। रात 8 बजे यात्रा संपन्न होगी, जिसके बाद विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को आमंत्रित किया गया है।