Lucknow में सिंचाई विभाग की जमीन पर चला बुलडोजर, कई घरों पर लाल क्रॉस लगाकर 7 दिन का नोटिस दिया
Lucknow: राजधानी लखनऊ के 1090 चौराहे के पास रहने वाले लोगों के लिए मंगलवार की सुबह किसी सदमे से कम नहीं थी। लोग अपने रोजमर्रा के कामों में जुटे थे और बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी प्रशासन की टीम वहां पहुंची।
Lucknow: राजधानी लखनऊ के 1090 चौराहे के पास रहने वाले लोगों के लिए मंगलवार की सुबह किसी सदमे से कम नहीं थी। लोग अपने रोजमर्रा के कामों में जुटे थे और बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी प्रशासन की टीम वहां पहुंची। अधिकारियों ने कई घरों की दीवारों पर लाल रंग से क्रॉस के निशान लगाए और मकान मालिकों को सात दिन के भीतर घर खाली करने का नोटिस थमा दिया।
प्रशासन का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई सिंचाई विभाग की जमीन को बचाने के लिए की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, इस जमीन पर अवैध कब्जा करके मकान बनाए गए थे, जिसे अब खाली कराया जा रहा है। इस कार्रवाई के दौरान एक मकान पर बुलडोजर भी चलाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय निवासियों में काफी गुस्सा और डर देखा गया। लोगों का आरोप है कि वे यहां सालों से रह रहे हैं और उन्हें पहले कोई जानकारी या स्पष्ट नोटिस नहीं दिया गया था। कई महिलाएं रोती-बिलखती नजर आईं और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई। परिवारों का कहना है कि अगर उनके घर टूट गए तो उनके पास रहने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है।
बता दें कि इससे पहले जुलाई 2024 में भी कुकरैल नदी के किनारे इसी तरह की कार्रवाई हुई थी। उस समय मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया था कि किसी का घर नहीं तोड़ा जाएगा और जरूरत पड़ने पर मुआवजा दिया जाएगा। मंडलायुक्त ने भी उस वक्त अधिकारियों को लाल निशान लगाने के बजाय अन्य विकल्पों पर विचार करने के निर्देश दिए थे।