Lucknow में 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश, किराना व्यापारी और परिवार को बुरी तरह पीटा
Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर इलाके में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर एक घर में धावा बोल दिया। रात के करीब 2 बजे हुए इस हमले में बदमाशों ने किराना व्यापारी और उनके परिवार को लोहे की
Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर इलाके में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर एक घर में धावा बोल दिया। रात के करीब 2 बजे हुए इस हमले में बदमाशों ने किराना व्यापारी और उनके परिवार को लोहे की रॉड और लाठियों से बेरहमी से पीटा और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए।
यह वारदात 25 जुलाई 2026 की देर रात अमराई गांव, बजरंग चौराहे के पास हुई। बदमाशों ने व्यापारी उमेश चंद्र, उनकी पत्नी शांति देवी और बेटी सीमा पर हमला किया। हमले में उमेश चंद्र के सिर पर करीब 50 टांके आए हैं, जबकि उनकी पत्नी को 40 टांके लगे हैं। परिवार के तीनों सदस्य फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। पीड़ित के बेटे दीपक ने बताया कि पुलिस चौकी वहां से सिर्फ दो किलोमीटर दूर है, लेकिन सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस लापरवाही को देखते हुए विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। नाइट अफसर दारोगा नागेंद्र कुमार और महिला कॉन्स्टेबल दिव्या को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। जांच में पता चला कि महिला कॉन्स्टेबल को पीआरवी के जरिए खबर मिली थी, लेकिन उन्होंने समय पर दूसरी टीम को जानकारी नहीं दी।
मौके पर पहुंचे डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा और अपर पुलिस उपायुक्त अमोल मुर्कुट ने मामले की जानकारी ली। डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अपराधियों की पहचान के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।