Lucknow में बदमाशों का आतंक, 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में घुसे और पूरे परिवार को रॉड से पीटा
Lucknow/Indiranagar: राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में बदमाशों ने एक किराना व्यापारी के घर में घुसकर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए और सो रहे परिवार पर लोहे की रॉड और
Lucknow/Indiranagar: राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में बदमाशों ने एक किराना व्यापारी के घर में घुसकर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए और सो रहे परिवार पर लोहे की रॉड और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में व्यापारी और उनके परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसके बाद बदमाश नकदी और जेवर लूटकर फरार हो गए।
यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। अमराई गांव के बजरंग चौराहे के पास रहने वाले किराना व्यापारी उमेश चंद्र, उनकी पत्नी शांति देवी और बेटी सीमा उस वक्त सो रहे थे जब बदमाशों ने उन पर हमला किया। हमले में उमेश चंद्र के सिर में 18 टांके आए हैं और उनकी पत्नी व बेटी की हालत भी नाजुक बनी हुई है। तीनों फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं।
पूर्वी लखनऊ की डीसीपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं। हालांकि, घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस बीच पीड़ित परिवार के बेटे दीपक गुप्ता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि डायल-112 पर सूचना देने के आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची और शुरुआती जांच में फोरेंसिक टीम या डॉग स्क्वायड को नहीं बुलाया गया। मुख्य सड़क से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने इलाके की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।