Lucknow में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर शव के साथ फोटो खिंचवाने और दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर इलाके में एक 24 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज पांच महीने बाद सोनाली नाम की महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने पति पर कार की मांग को लेकर प्रताड़ित

Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर इलाके में एक 24 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज पांच महीने बाद सोनाली नाम की महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने पति पर कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मौत के बाद शव के साथ फोटो खिंचवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह घटना शिवाजीपुरम इलाके की है, जहां मृतका सोनाली और उसका पति कमलाकांत मिश्रा किराए के मकान में रहते थे। कमलाकांत एक निजी बैंक में डिप्टी मैनेजर के तौर पर काम करता है। सोनाली की शादी फरवरी 2026 में हुई थी, लेकिन परिवार का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा।

शनिवार देर रात जब सोनाली का शव फंदे से लटका मिला, तो उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पति ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसके शव के साथ फोटो खिंचवाई। इस बात ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

सूचना मिलने पर इंदिरानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पति कमलाकांत मिश्रा को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पति और ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सभी सबूतों और आरोपों की जांच कर रही है।