Lucknow में गन्ने की खेती होगी और आसान, IISR और ISMA ने मिलाया हाथ, लगेगा उन्नत बीज केंद्र
Lucknow: लखनऊ के तेलीबाग स्थित गन्ना अनुसंधान संस्थान (IISR) और इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (ISMA) के बीच एक अहम समझौता हुआ है। इस एमओयू के तहत अब गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उत्पादन के लिए एक उन्नत केंद्र स्थापित किया जाएगा।
Lucknow: लखनऊ के तेलीबाग स्थित गन्ना अनुसंधान संस्थान (IISR) और इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (ISMA) के बीच एक अहम समझौता हुआ है। इस एमओयू के तहत अब गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उत्पादन के लिए एक उन्नत केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस पहल से गन्ने की खेती करने वाले किसानों को बेहतर बीज मिलने में मदद मिलेगी।
इस नए केंद्र के जरिए वैज्ञानिक तरीके से गन्ने के बीज का उत्पादन किया जाएगा। संस्थान न केवल बीज तैयार करेगा, बल्कि उनके गुणन और वितरण की व्यवस्था भी करेगा ताकि किसानों तक सही और उन्नत बीज समय पर पहुंच सकें। इससे गन्ने की पैदावार बढ़ने और किसानों की आय में सुधार होने की उम्मीद है।
बता दें कि IISR लखनऊ हर साल नई गन्ना किस्मों का करीब 2000 टन प्रजनक बीज तैयार करता है। संस्थान ने लख-16202, को-लख-15201 और श्रीमुखी जैसी उच्च उपज देने वाली किस्में विकसित की हैं, जो बीमारियों से लड़ने में सक्षम हैं और जल्दी पकती हैं।
वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ना बीज की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कड़े नियम लागू किए हैं। अब बीज उत्पादन और बिक्री करने वाले सभी किसानों के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। नकली या घटिया बीज बेचने वालों पर कार्रवाई की जा रही है और मानकों का पालन न करने वाले 2230 उत्पादकों का पंजीकरण रद्द किया गया है।