Lucknow में भीषण आग, आईआईएम रोड पर 7 दुकानें जलकर खाक, ढाई घंटे तक चला दमकल का अभियान

Lucknow: मड़ियांव के मुतक्कीपुर इलाके में बुधवार देर रात एक भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। आईआईएम रोड के किनारे बनी मार्केट की सात दुकानों में आग लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की आठ गाड़ियों ने ढाई घंटे की कड़ी

Lucknow: मड़ियांव के मुतक्कीपुर इलाके में बुधवार देर रात एक भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। आईआईएम रोड के किनारे बनी मार्केट की सात दुकानों में आग लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की आठ गाड़ियों ने ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

यह घटना 15 जुलाई 2026 की रात को हुई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पास की दुकानों ने इसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में न्यू भारत दूध डेयरी, फर्नीचर की दुकान, चाय की दुकान, नदीम जनरल स्टोर, वेल्डिंग की दुकान, किराना स्टोर और एसी रिपेयरिंग की दुकान पूरी तरह जल गईं। आग के दौरान एसी के कंप्रेसर फटने की आवाजें भी आईं, जिससे डर का माहौल बन गया था।

दमकल विभाग के मुताबिक, सबसे पहले बीकेटी अग्निशमन केंद्र को सूचना मिली, जिसके बाद वहां से दो गाड़ियां भेजी गईं। हालात बिगड़ते देख मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने इंदिरानगर से एक, चौक से दो और हजरतगंज से वाटर बाउजर व मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल सहित छह और गाड़ियां बुलवाईं। कुल आठ फायर टेंडर ने मिलकर आग बुझाई।

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा फर्नीचर, फ्रिज, एसी और जनरल स्टोर का सारा सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने या चोट लगने की खबर नहीं है। मड़ियांव पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।