Lucknow में पति की हत्या, लोहे के तवे से सिर पर किया वार; पुलिस ने पत्नी को किया गिरफ्तार
Lucknow: राजधानी के जानकीपुरम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी तपस्या सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
Lucknow: राजधानी के जानकीपुरम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी तपस्या सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में रसोई में इस्तेमाल होने वाले लोहे के तवे का इस्तेमाल किया गया था।
यह पूरा मामला आनंद विहार कॉलोनी का है, जहां 13 अगस्त 2026 को 40 वर्षीय आशीष सोनी उर्फ सनी की मौत हो गई। आशीष ई-रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करते थे। पुलिस जांच में पता चला कि आशीष और तपस्या ने साल 2013 में प्रेम विवाह किया था, लेकिन पिछले 5-6 सालों से दोनों अलग रह रहे थे। गुरुवार की सुबह आशीष अपनी 5 साल की बेटी से मिलने तपस्या के घर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि बेटी को अपने साथ ले जाने की बात को लेकर दोनों के बीच जोरदार झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि तपस्या ने गुस्से में रसोई से लोहे का तवा उठाया और आशीष के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए और जब उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी नॉर्थ अमित कुमार आनंद ने बताया कि पुलिस ने डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर आरोपी महिला की पहचान की और उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह लोहे का तवा भी बरामद कर लिया है जिससे हत्या की गई थी।
मृतक की मां विमलेश स्वर्णकार ने जानकीपुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। जहां मृतक के परिवार का कहना है कि तपस्या अब भी आशीष की पत्नी थी और पहले भी मारपीट की गई थी, वहीं आरोपी पत्नी का दावा है कि उनका तलाक हो चुका था और आशीष जबरन बच्ची को ले जाना चाहते थे। पुलिस अब इस मामले में अन्य कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।