Lucknow में होमगार्ड से बदसलूकी करने वाला कार चालक गिरफ्तार, पुलिस के सामने हाथ जोड़कर मांगी माफी
Lucknow: राजधानी के हैदरगंज चौराहे पर एक कार चालक ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब व
Lucknow: राजधानी के हैदरगंज चौराहे पर एक कार चालक ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब वही शख्स पुलिस के सामने हाथ जोड़कर मिन्नतें करता नजर आ रहा है।
मामला शनिवार रात करीब 8 बजे का है जब होमगार्ड हामिद अली हैदरगंज तिराहे पर ट्रैफिक संभाल रहे थे। इसी दौरान वैभव मौर्या नाम का एक शख्स अपनी कार से गलत दिशा से आ रहा था। जब हामिद अली ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वैभव ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी कार ड्राइवर होमगार्ड को धक्का दे रहा है और गंदी गालियां बक रहा है।
रविवार को जब यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, तो बाजार खाला पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वैभव मौर्या को गिरफ्तार कर लिया, जो काकोरी के वादरखेड़ा का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी कार को भी जब्त कर लिया है।
पूछताछ के दौरान वैभव ने बताया कि उसका भाई अस्पताल में भर्ती है, जिसकी वजह से वह काफी तनाव में था। उसने यह आरोप भी लगाया कि होमगार्ड ने उसके भाई को लेकर कुछ टिप्पणी की थी, जिससे वह भड़क गया और मारपीट की। हालांकि, पुलिस ने होमगार्ड की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी का माफी मांगते हुए वीडियो भी जारी किया है।