Lucknow में भारी बारिश से जलभराव, गोमतीनगर और शहीद पथ पर लगा लंबा जाम

Lucknow: राजधानी लखनऊ में मंगलवार शाम को हुई जोरदार बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन शहर की सड़कों पर मुसीबतें बढ़ा दीं। करीब डेढ़ घंटे तक हुई इस झमाझम बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे

Lucknow: राजधानी लखनऊ में मंगलवार शाम को हुई जोरदार बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन शहर की सड़कों पर मुसीबतें बढ़ा दीं। करीब डेढ़ घंटे तक हुई इस झमाझम बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोग घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहे।

शहर के गोमतीनगर और मदेयगंज जैसे इलाकों में सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गईं। जलभराव की स्थिति इतनी खराब थी कि कुछ घरों के अंदर तक पानी घुस गया। शहीद पथ पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मुख्य गेट के बाहर भी सड़क पर भारी जलजमाव देखा गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी हो गई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पछुआ हवाओं के असर से मानसूनी गतिविधियां कमजोर हुई हैं, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक बारिश कम होगी और उमस बढ़ सकती है। हालांकि, 17 जुलाई के बाद हवाओं का रुख बदलने से मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए यह जानकारी साझा की है:

क्षेत्र संभावित समय संभावना
पूर्वी उत्तर प्रदेश 17 से 19 जुलाई भारी बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश 18 और 19 जुलाई भारी बारिश
लखनऊ (15 जुलाई) मंगलवार हल्की बारिश और बादल

14 जुलाई को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा था। IMD ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी और बिजली चमकने के समय पक्के मकानों में रहें और जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें।