Lucknow में भारी बारिश से जलभराव, STP रोड के गड्ढों ने बढ़ाई मुसीबत, कई लोग घायल
Lucknow: गुरुवार को हुई तेज बारिश ने लखनऊ की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर के कई इलाकों में पानी भर जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पीजीआई क्षेत्
Lucknow: गुरुवार को हुई तेज बारिश ने लखनऊ की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर के कई इलाकों में पानी भर जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पीजीआई क्षेत्र, अमौसी एयरपोर्ट के पास, एनएच-27 और शहीद पथ सर्विस रोड जैसे प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही।
एमिटी यूनिवर्सिटी के पास एसटीपी रोड पर हालात और भी खराब रहे। यहाँ पानी से भरे गड्ढों की वजह से कई दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हुए और घायल हो गए। वहीं शहीद पथ सर्विस रोड का एक हिस्सा धंस गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे पहले 15 जुलाई को भी शहीद पथ पर 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया था, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया था।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 16 जुलाई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के अनुसार मानसून 17 जुलाई से 22 जुलाई तक सक्रिय रहेगा, जिससे शहर में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से मांग की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों से जल्द पानी निकाला जाए और सड़कों के गड्ढों की मरम्मत की जाए ताकि आगे कोई बड़ा हादसा न हो। गौरतलब है कि महापौर सुषमा खर्कवाल ने फरवरी में सीवर और पेयजल की समस्याओं में लापरवाही बरतने पर जोनल अधिकारियों को फटकार लगाई थी और लिखित स्पष्टीकरण मांगा था। नगर निगम ने जनवरी में सीवर लाइनों के निरीक्षण का अभियान भी चलाया था ताकि जलभराव की समस्या को सुलझाया जा सके।