Lucknow में भारी बारिश से बिजली व्यवस्था ठप, कई इलाके घंटों अंधेरे में रहे

Lucknow: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार तड़के हुई तेज बारिश ने बिजली विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी। भारी बारिश के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट और ब्रेकडाउन हो गया, जिससे लोग घंटों बिजली के बिना परे

Lucknow: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार तड़के हुई तेज बारिश ने बिजली विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी। भारी बारिश के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट और ब्रेकडाउन हो गया, जिससे लोग घंटों बिजली के बिना परेशान रहे। बिजली गुल होने की वजह से कई इलाकों में पानी की किल्लत भी पैदा हो गई।

शहर के इंदिरा नगर, गोमती नगर, चिनहट और हुसैनगंज जैसे प्रमुख इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। हुसैनगंज उपकेंद्र के छितवापुर चौकी और चारबाग फीडर में सुबह 5 बजे से 9 बजे तक अंधेरा रहा। ऐशबाग के लोग लगातार दूसरे दिन बिजली संकट झेल रहे थे। वहीं राजाजीपुरम, नूरबाड़ी और खुर्रमनगर जैसे इलाकों में भी फीडर और केबल खराब होने से भारी ब्रेकडाउन देखा गया। ग्रामीण क्षेत्रों का हाल और भी बुरा रहा, जहाँ नादरगंज के शारदा नगर के तहत माती और बिजनौर जैसे गाँव गुरुवार रात 8 बजे से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक करीब 12 घंटे अंधेरे में डूबे रहे।

परेशान लोगों ने बिजली विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 और उपकेंद्रों पर शिकायतें कीं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके अलावा 3 जुलाई को महानगर के सेक्टर बी, सचिवालय कॉलोनी, बादशाह नगर और यूनिवर्सिटी के कुछ हिस्सों में मरम्मत कार्य के कारण बिजली कटौती की गई थी।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में बिजली की दरें सबसे कम हैं और आपूर्ति बेहतर है। उन्होंने बताया कि लगातार सात साल से दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। साथ ही, UPERC के निर्देश पर जुलाई के बिजली बिलों में 4.43% की कमी की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को करीब 358.31 करोड़ रुपये का फायदा होगा। पावर कॉरपोरेशन के मुताबिक 10 जुलाई तक सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिल जारी कर दिए जाएंगे।

मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया था। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रहने को कहा गया है।