Lucknow में भारी बारिश से आधे शहर की बिजली-पानी ठप, कई इलाकों में घंटों बत्ती गुल
Lucknow: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तड़के हुई तेज बारिश की वजह से शहर के आधे हिस्से में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई, जिसका सीधा असर पानी की सप्लाई पर पड़
Lucknow: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तड़के हुई तेज बारिश की वजह से शहर के आधे हिस्से में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई, जिसका सीधा असर पानी की सप्लाई पर पड़ा। इंदिरानगर और गोमतीनगर जैसे बड़े इलाकों में लोग घंटों बिजली कटौती और पानी की किल्लत से परेशान रहे।
शुक्रवार सुबह अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट और ब्रेकडाउन होने से बिजली गुल हो गई। हुसैनगंज उपकेंद्र के छितवापुर चौकी के पीछे सुबह 5 बजे से 9 बजे तक बिजली नहीं रही और इसी उपकेंद्र का 11 केवी चारबाग फीडर भी खराब हो गया। इसके अलावा चिनहट, लाल कुआं, चौपटिया और महानगर जैसे इलाकों में भी बिजली की भारी समस्या देखी गई। आशियाना के रामनगर, पीली कॉलोनी, सुदर्शनपुरी कॉलोनी, खजुआ और भदेवा में लगातार दूसरे दिन बिजली संकट रहा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
बिजली न होने के कारण लखनऊ जल संस्थान की पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे उपभोक्ताओं को पानी की गंभीर कमी का सामना करना पड़ा। परेशान उपभोक्ताओं ने विभाग में शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब या समाधान नहीं मिला।
इस स्थिति पर क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 3 और 4 जुलाई को मानसूनी बारिश का असर बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में ज्यादा रहेगा। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग ने भी 3 जुलाई को पूरे प्रदेश में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की थी। दोपहर बाद भी शहर में बादलों की आवाजाही बनी रही और अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश होने का अनुमान है।