Lucknow में भीषण गर्मी का अलर्ट, 42 डिग्री तक जा सकता है पारा, IMD ने जारी किया Yellow Alert

Lucknow: राजधानी लखनऊ में इन दिनों चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। उमस और तपन इतनी बढ़ गई है कि दिन के समय घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी और ब

Lucknow: राजधानी लखनऊ में इन दिनों चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। उमस और तपन इतनी बढ़ गई है कि दिन के समय घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने वाली है, जिससे आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ेगा।

आज 19 जून को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बीते गुरुवार को भी पारा 40.4 डिग्री तक पहुंच गया था, जो सामान्य से काफी ज्यादा था। मौसम विभाग (IMD) ने लखनऊ समेत प्रदेश के 48 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। यह अलर्ट अगले चार से छह दिनों तक प्रभावी रह सकता है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में कोई ऐसा सिस्टम सक्रिय नहीं है जो गर्मी को कम कर सके। मानसून के आने में अभी लगभग एक हफ्ते का समय लग सकता है। अनुमान है कि 20 से 22 जून के बीच तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जो इस महीने का सबसे उच्चतम स्तर होगा।

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप तेज है। पिछले 24 घंटों में प्रयागराज 44 डिग्री और बांदा 43.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म शहर रहे। कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना है। मानसून के 22 से 23 जून के बीच दस्तक देने की उम्मीद है, लेकिन यह अपने सामान्य समय से 4-5 दिन की देरी से आ रहा है।

गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही जिलाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए थे। अस्पतालों में हीटस्ट्रोक के मरीजों के लिए इंतजाम करने और बुजुर्गों व बच्चों की देखभाल करने की अपील की गई है। लखनऊ नगर निगम भी लोगों की सुविधा के लिए कूलिंग पॉइंट स्थापित करने के काम में जुटा है।