Lucknow में उमस और गर्मी का कहर, पारा 42 डिग्री के पार जा सकता है; स्कूलों की छुट्टियां 24 जून तक बढ़ीं

Lucknow: राजधानी लखनऊ में बादलों की लुकाछिपी के बीच तेज धूप निकल आई है। सुबह से ही लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है और दिनभर तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री स

Lucknow: राजधानी लखनऊ में बादलों की लुकाछिपी के बीच तेज धूप निकल आई है। सुबह से ही लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है और दिनभर तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे दोपहर के समय गर्मी अपने चरम पर होगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। लखनऊ में ‘रियल फील’ यानी महसूस होने वाला तापमान 42 से 43 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि बारिश की संभावना केवल 15 प्रतिशत है, लेकिन राज्य के कुछ अन्य जिलों में गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। IMD के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हालात नहीं हैं और जो भी हल्की बारिश हो रही है, वह स्थानीय हीटिंग की वजह से है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, तेज धूप और हवा में नमी के कारण उमस बढ़ गई है, जिससे तापमान असल रीडिंग से कहीं ज्यादा महसूस हो रहा है। वहीं, 19 जून से पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू का असर और बढ़ सकता है। मानसून के 20 से 23 जून के बीच सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की उम्मीद है, हालांकि IMD ने संकेत दिया है कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है।

भीषण गर्मी को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बेसिक शिक्षा परिषद और मान्यता प्राप्त स्कूलों में ग्रीष्मावकाश (Summer Vacation) अब 24 जून तक बढ़ा दिया गया है। अब नियमित कक्षाएं 25 जून से शुरू होंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों को सतर्क रहने और गर्मी से होने वाली बीमारियों को रोकने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों, क्योंकि 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।