Lucknow में साधु के भेष में आए ठग ने युवक की सोने की अंगूठी पार की, CCTV की मदद से तलाश जारी

Lucknow: राजधानी के हजरतगंज इलाके में एक शातिर ठग ने साधु का रूप धरकर एक युवक को अपना शिकार बनाया। यह घटना नोएडा चौराहा के पास सरदार जी छोले-कुलचे की दुकान के बाहर हुई, जहां आरोपी ने बातों में उलझाकर युवक की महंगी सोने क

Lucknow: राजधानी के हजरतगंज इलाके में एक शातिर ठग ने साधु का रूप धरकर एक युवक को अपना शिकार बनाया। यह घटना नोएडा चौराहा के पास सरदार जी छोले-कुलचे की दुकान के बाहर हुई, जहां आरोपी ने बातों में उलझाकर युवक की महंगी सोने की अंगूठी चोरी कर ली।

जानकारी के मुताबिक, 27 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 2:40 बजे आकाश शुक्ला, जो कानपुर रोड स्थित LDA कॉलोनी के निवासी हैं, वहां मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति अघोरी साधु के वेश में उनके पास आया और भिक्षा मांगी। जब आकाश ने उसे 10 रुपये देने चाहे, तो उसने मना कर दिया और 50 रुपये की मांग की।

बातचीत के दौरान वह ठग आकाश को उनके भविष्य के बारे में बताने लगा और उनका ध्यान भटका दिया। इसी बीच उसने बड़ी चालाकी से आकाश की दाहिनी हाथ की अनामिका उंगली से सोने की अंगूठी निकाल ली। जब तक आकाश को इस चोरी का अहसास हुआ, तब तक आरोपी वहां से रफूचक्कर हो चुका था।

पीड़ित ने इस मामले की शिकायत हजरतगंज पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।