Lucknow में सड़क हादसे में 4 की मौत, ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर से टकराकर पलटी

Lucknow/Gosainganj: लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुल्तानपुर हाईवे पर ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार चार मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब

Lucknow/Gosainganj: लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुल्तानपुर हाईवे पर ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार चार मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 4:45 बजे हुई जब ट्रैक्टर डिवाइडर के ऊपर चढ़कर उल्टा हो गया।

हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोग बाराबंकी जिले के रहने वाले थे। मृतकों में ट्रैक्टर ड्राइवर पीतांबर रावत (35 वर्ष), संदीप रावत (25 वर्ष), पवन रावत (25 वर्ष) और बलराम रावत शामिल हैं। संदीप, पीतांबर और पवन बाराबंकी के कोठी पुलिस स्टेशन इलाके के इलीचपुर मजरे पडरानवा के निवासी थे, जबकि बलराम रावत कोठी इलाके के ही सरायंदर गांव का रहने वाला था। यह ट्रैक्टर बाराबंकी के अचककामऊ स्थित देशराज की RBF ईंट भट्ठे का था।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच पिन टूट गई थी, जिससे संतुलन बिगड़ा और गाड़ी हाईवे पर लगे स्टील क्रैश बैरियर से टकराकर पलट गई। चारों मजदूर ईंटों और ट्रैक्टर के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस, फायर सर्विस और NHAI की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को हटाया गया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से तीन मजदूरों ने गोसाईगंज CHC में दम तोड़ दिया, जबकि एक की मौत ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में हो गई।

DCP साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब कानूनी कार्रवाई पूरी कर रही है। इस हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम रहा, जिसे पुलिस और NHAI की टीम ने मिलकर फिर से बहाल कराया। बाराबंकी के संबंधित गांवों में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।