Lucknow में मिलावटी खाने के खिलाफ FSDA की बड़ी कार्रवाई, 679 किलो खाद्य पदार्थ जब्त

Lucknow: राजधानी लखनऊ में मिलावटी खाद्य पदार्थों को बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने सख्त एक्शन लिया है। दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में अचार, जैम, सॉस और केचप बनाने वाली फैक्ट्रियों और द

Lucknow: राजधानी लखनऊ में मिलावटी खाद्य पदार्थों को बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने सख्त एक्शन लिया है। दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में अचार, जैम, सॉस और केचप बनाने वाली फैक्ट्रियों और दुकानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने भारी मात्रा में मिलावटी सामान जब्त किया है ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर लगाम कसी जा सके।

यह पूरा अभियान उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देशों पर चलाया गया। जांच टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी की, जिसमें बिग बास्केट और ब्लिंकिट के स्टोर के साथ-साथ बांके बिहारी इंटरनेशनल, ओम साईं एग्रो एंड फूडबक्स प्राइवेट लिमिटेड और रामनरेश फूड प्रोडक्ट्स जैसे प्रतिष्ठान शामिल रहे। अधिकारियों ने कुल 25 खाद्य नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

दो दिन के इस अभियान में कुल 679 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। 7 जुलाई को हुई कार्रवाई में एक्सपायरी डेट खत्म हो चुके चिली सॉस की 140 बोतलें मिलीं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा करीब 2400 रुपये मूल्य के चिली सॉस के दो कार्टन भी जब्त किए गए।

FSDA विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि वे फूड सेफ्टी मानकों का पालन करें। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे बाजार से सामान खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और मानक जरूर जांचें। अधिकारियों ने साफ किया है कि अगर लैब रिपोर्ट में नमूने असुरक्षित या गलत जानकारी वाले पाए गए, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।