Lucknow में विधवा महिला से 1.38 करोड़ की ठगी, मकान-जमीन दिलाने के नाम पर दंपती ने लगाया चूना
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक विधवा महिला से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मकान और जमीन दिलाने का झांसा देकर एक दंपती ने महिला से करीब 1.38 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। इस धोखाधड़ी के बाद पीड़ि
Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक विधवा महिला से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मकान और जमीन दिलाने का झांसा देकर एक दंपती ने महिला से करीब 1.38 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। इस धोखाधड़ी के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता सीमा यादव अर्जुनगंज की रहने वाली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उमेदखेड़ा निवासी मदन शुक्ला और उनकी पत्नी कुसुम शुक्ला ने उन्हें जमीन और मकान दिलाने का वादा किया था। इस भरोसे में आकर सीमा यादव ने अलग-अलग समय पर आरटीजीएस, चेक और नकद के जरिए कुल 1,38,63,300 रुपये आरोपियों को दिए। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो कोई मकान मिला और न ही जमीन।
इस आर्थिक नुकसान और कर्ज के भारी बोझ के कारण पीड़िता के पति राजेश यादव काफी तनाव में थे। 25 जुलाई 2025 को उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पति की मौत के तीन दिन बाद आरोपियों ने लिखित में भरोसा दिया कि वे पूरी रकम वापस कर देंगे, लेकिन उन्होंने केवल 90,000 रुपये यूपीआई के जरिए लौटाए।
जब सीमा यादव के बेटे प्रिंस ने बाकी पैसों की मांग की, तो आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने प्रिंस को जान से मारने की धमकी दी और एससी-एसटी एक्ट समेत छेड़छाड़ के फर्जी मामलों में फंसाने की बात कही।
सुशांत गोल्फ सिटी थाने के इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।