Lucknow में बाइक सवारों के विवाद में फंसी पूर्व राष्ट्रपति कोविंद की फ्लीट, क्रेन से हटाना पड़ा लोडर

Lucknow: राजधानी लखनऊ के कानपुर रोड पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का काफिला एक लंबे जाम में फंस गया। यह जाम अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवारों और एक लोडर चालक के बीच हुए विवा

Lucknow: राजधानी लखनऊ के कानपुर रोड पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का काफिला एक लंबे जाम में फंस गया। यह जाम अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवारों और एक लोडर चालक के बीच हुए विवाद और लूटपाट की वजह से लगा था। करीब 10 मिनट तक फ्लीट रुकी रही, जिसके बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर रास्ता साफ कराया।

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर के महमूदाबाद निवासी बबलू प्रजापति अपने साथी सुशील के साथ ब्रेड की सप्लाई कर लौट रहे थे। अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और अपनी गाड़ी में टक्कर मारने का झूठा आरोप लगाया। इसके बाद आरोपियों ने बबलू और सुशील के साथ मारपीट की और सुशील के सीने पर ब्लेड से हमला कर दिया।

लूटपाट के दौरान बाइक सवारों ने लोडर की चाबी, मोबाइल और 30,000 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। चाबी चोरी होने की वजह से लोडर का स्टीयरिंग लॉक हो गया और गाड़ी सड़क के बीचों-बीच तिरछी खड़ी रह गई। इस वजह से कानपुर से लखनऊ आने वाली लेन पर ट्रैफिक पूरी तरह थम गया और पूर्व राष्ट्रपति का काफिला भी इसी जाम की चपेट में आ गया।

सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन मंगवाई और लोडर को सड़क से हटवाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। सरोजनीनगर के इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिल गई है और मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।