Lucknow में पूर्व MLC के बेटे ने मोबाइल दुकानदार पर तानी पिस्टल, अब रद्द होगा हथियार का लाइसेंस
Lucknow: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक पूर्व एमएलसी के बेटे ने मोबाइल दुकानदार को धमकाते हुए उस पर पिस्टल तान दी। यह घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है, जिसमें आरोपी ने न केवल गोली चलाई बल्कि दुकानदार को चोट भी पहु
Lucknow: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक पूर्व एमएलसी के बेटे ने मोबाइल दुकानदार को धमकाते हुए उस पर पिस्टल तान दी। यह घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है, जिसमें आरोपी ने न केवल गोली चलाई बल्कि दुकानदार को चोट भी पहुंचाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कराने की तैयारी में है।
जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी जयचंद्र भदौरिया के बेटे विवेक सिंह का श्रीराम टावर स्थित एक मोबाइल शोरूम के मालिक कविश अदील के साथ किसी बात पर विवाद हो गया था। बहस इतनी बढ़ गई कि विवेक सिंह ने पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी। पीड़ित कविश अदील बाल-बाल बचे, जिसके बाद आरोपी ने पिस्टल के कुंदे से उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोरूम में लगे CCTV कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है।
हजरतगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और प्रशासन को पत्र लिखकर उसकी लाइसेंसी पिस्टल का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की जाएगी। नियमों के अनुसार, यदि कोई लाइसेंस धारक हथियार का इस्तेमाल दहशत फैलाने या गुंडागर्दी के लिए करता है, तो उसका लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।