Lucknow में कार के अंदर मिला पूर्व मर्चेंट नेवी अफसर का जला हुआ शव, हत्या की आशंका
Lucknow/BKT : लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर सरैंया बाजार के पास एक कार में पूर्व मर्चेंट नेवी अफसर का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अलमास हक के रूप में हुई है, जो लखनऊ के विकासनगर इलाके के रहने वाल
Lucknow/BKT : लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर सरैंया बाजार के पास एक कार में पूर्व मर्चेंट नेवी अफसर का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अलमास हक के रूप में हुई है, जो लखनऊ के विकासनगर इलाके के रहने वाले थे। पुलिस इस मामले को हत्या के नजरिए से देख रही है और जांच में जुटी है।
यह पूरी घटना 6 अगस्त 2026 की रात की है। अलमास हक गुरुवार रात करीब 9 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि उन्हें किसी से उधारी के पैसे लेने जाना है। उनकी पत्नी इकरा से आखिरी बार रात 10:49 बजे बात हुई थी, जिसमें उन्होंने जल्द घर लौटने की बात कही थी। रात 11:30 बजे जब परिवार ने दोबारा फोन किया, तो उनका संपर्क नहीं हो पाया। शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे परिजनों को इस हादसे की जानकारी मिली।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार हाईवे किनारे खड़ी थी और शव बुरी तरह जल चुका था। शव का एक हाथ कार के स्टेयरिंग में फंसा हुआ था। मृतक अलमास हक ने सात साल पहले मर्चेंट नेवी की नौकरी छोड़ दी थी और अमीनाबाद में दवाइयों का कारोबार कर रहे थे। उनके पीछे उनकी पत्नी और तीन साल की एक छोटी बेटी है।
एसीपी बीकेटी विकास कुमार पांडेय ने बताया कि अब तक परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत या किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अलमास बीकेटी इलाके में क्यों गए थे। कॉल डिटेल्स और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि घटना के समय उनके साथ कोई और था या नहीं। कार में आग लगने की वजह जानने के लिए फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। परिजनों ने कार के नंबर (UP32CS0626) से पहचान की है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद होगी।