Lucknow में पूर्व ब्लॉक प्रमुख की हत्या की साजिश, रेकी करते हुए आरोपी गिरफ्तार

Lucknow: राजधानी के काकोरी इलाके में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामविलास रावत की हत्या की साजिश रची जा रही थी. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी कर र

Lucknow: राजधानी के काकोरी इलाके में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामविलास रावत की हत्या की साजिश रची जा रही थी. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार भी बरामद किए हैं.

काकोरी पुलिस ने शनिवार रात सकरा बेलवा रोड पर एक आम के बाग में छापेमारी की. वहां आरोपी शिरीश अपने कुछ साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहा था, जहां से उसे पकड़ा गया. पुलिस की दबिश के दौरान उसके साथ मौजूद अन्य साथी मौके से भाग निकले. गिरफ्तार आरोपी शिरीश के पास से .315 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस मिले हैं. पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह रामविलास रावत की हत्या के लिए रेकी कर रहा था.

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड अखिल उर्फ अखिलेश है. अखिलेश दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका था और रामविलास रावत से उसकी पुरानी रंजिश थी, क्योंकि रामविलास ने उस मामले में उसकी पैरवी की थी. इसी रंजिश के चलते अखिलेश ने शिरीश को हत्या के लिए तमंचा दिया था. इससे पहले अप्रैल 2024 में भी रामविलास रावत पर एक तिलक समारोह के दौरान जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें अनंतराम नाम के एक किसान की गोली लगने से मौत हो गई थी.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिरीश, रामविलास रावत को तेजकिशन खेड़ा गांव के एक मंदिर में ढूंढ रहा था. वहां रामविलास को हनुमान मूर्ति तोड़े जाने के एक मामले के सिलसिले में आना था, लेकिन वह पुलिस चौकी से ही कहीं और चले गए थे. इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है. आरोपी शिरीश को रविवार को जेल भेज दिया गया है और पुलिस अब फरार साथियों और मुख्य साजिशकर्ता की तलाश में जुटी है.