Lucknow में बनेगा उत्तर भारत का पहला वेनम एक्सट्रैक्शन सेंटर, सांपों के जहर से बनेगा एंटी-वेनम
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कुकरैल में उत्तर भारत का पहला वेनम एक्सट्रैक्शन सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र का मुख्य मकसद जहरीले सांपों के संरक्षण के साथ-साथ सर्पदंश से होने वाली मौतों को कम करना है। यहा
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कुकरैल में उत्तर भारत का पहला वेनम एक्सट्रैक्शन सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र का मुख्य मकसद जहरीले सांपों के संरक्षण के साथ-साथ सर्पदंश से होने वाली मौतों को कम करना है। यहाँ वैज्ञानिक तरीके से सांपों का जहर निकाला जाएगा, जिसका इस्तेमाल एंटी-वेनम बनाने में होगा।
राज्य के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (वन्यजीव प्रभाग) की देखरेख में यह सेंटर काम करेगा। मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराधा वेमुरी ने इस योजना की पुष्टि की है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में इस्तेमाल होने वाला एंटी-वेनम मुख्य रूप से तमिलनाडु, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से आता है। इस सेंटर के बनने के बाद यूपी की अन्य राज्यों पर निर्भरता कम होगी और राज्य में इलाज की व्यवस्था बेहतर होगी।
इस केंद्र में जहरीले सांपों के जहर को इकट्ठा कर उसकी विषाक्तता और गुणों पर रिसर्च की जाएगी। जहर निकालने के बाद सांपों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग इसे एक बड़े शोध संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना बना रहा है, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली जा सकती है।
इस प्रोजेक्ट को विश्व स्तरीय बनाने के लिए अधिकारियों की एक टीम गुजरात के वलसाड में मौजूद स्नेक वेनम सेंटर का अध्ययन करेगी। वहीं, लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) को लेकर यह स्पष्ट किया गया है कि वह अपने पुराने स्थान पर ही रहेगा। कुकरैल की नाइट सफारी में एक नया चिड़ियाघर बनाया जाएगा और वहीं इस वेनम एक्सट्रैक्शन सेंटर को भी विकसित किया जाएगा।
विभाग ने यह भी साफ किया है कि बिना अनुमति के सांप पकड़ने या जहर निकालने पर कानूनी कार्रवाई होगी। इस काम में सपेरों और अन्य संबंधित संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा।