Lucknow में पिटाई से आहत होकर किसान ने की खुदकुशी, 3 लोगों पर केस दर्ज
Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब इलाके में एक किसान की खुदकुशी का मामला सामने आया है। बीखमऊ खुर्द गांव के रहने वाले 45 साल के कुलदीप सिंह ने 10 जून को अपनी जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर उनकी पि
Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब इलाके में एक किसान की खुदकुशी का मामला सामने आया है। बीखमऊ खुर्द गांव के रहने वाले 45 साल के कुलदीप सिंह ने 10 जून को अपनी जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर उनकी पिटाई की गई थी, जिससे आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
मामले की जानकारी देते हुए मृतक की पत्नी ममता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 9 जून की रात करीब 10 बजे गांव के ही डब्लू, लुक्कू और राजकिशोर ने जमीन के विवाद पर कुलदीप सिंह से बहस की और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। जब उनका बेटा कन्हैया बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी।
घटना के अगले दिन 10 जून की सुबह करीब 5 बजे कुलदीप सिंह का शव उनके घर के पीछे एक पेड़ की टहनी से लटका हुआ मिला। परिवार का कहना है कि पिटाई के बाद हुए अपमान को कुलदीप सिंह बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने खुदकुशी कर ली।
इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि ममता की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले कुलदीप के पिता ने इसे हत्या का मामला बताया था, लेकिन अब पत्नी के बयान के बाद पुलिस उकसावे के एंगल से जांच कर रही है।