Lucknow में फर्जी IPS बनकर महिला दरोगा को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार, केस में समझौता करने का बना रहा था दबाव

Lucknow: राजधानी की काकोरी पुलिस ने एक ऐसे युवक को पकड़ा है जो खुद को फर्जी IPS अधिकारी बताकर लोगों को डरा रहा था। यह युवक एक महिला सब-इंस्पेक्टर को फोन और मैसेज भेजकर धमका रहा था ताकि वह अपने एक केस में समझौता कर ले। पु

Lucknow: राजधानी की काकोरी पुलिस ने एक ऐसे युवक को पकड़ा है जो खुद को फर्जी IPS अधिकारी बताकर लोगों को डरा रहा था। यह युवक एक महिला सब-इंस्पेक्टर को फोन और मैसेज भेजकर धमका रहा था ताकि वह अपने एक केस में समझौता कर ले। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान 21 साल के अभिषेक उपाध्याय के रूप में हुई है। वह जौनपुर जिले के मछलीशहर इलाके का रहने वाला है और लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में एक पीजी हॉस्टल में रह रहा था। आरोपी बीबीए सेकंड ईयर का छात्र है और एक प्राइवेट कंपनी में पार्ट टाइम काम करता था।

पुलिस के मुताबिक, अभिषेक खुद को कभी पटना का IG तो कभी प्रयागराज का SP सिटी बताता था। वह प्रयागराज में तैनात एक महिला दरोगा को अलग-अलग नंबरों से मैसेज और फोन कर रहा था। वह उसे नौकरी से सस्पेंड कराने की धमकी दे रहा था ताकि वह अपने परिवार के खिलाफ दर्ज मुकदमे में सुलह कर ले।

इस मामले की गहराई में जाने पर पता चला कि महिला दरोगा ने अपने ससुर (रिटायर्ड दरोगा) पर दुष्कर्म और पति पर जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया था, जिसकी जांच काकोरी पुलिस कर रही थी। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि आरोपी अभिषेक की मुलाकात महिला दरोगा के पति से हुई थी, जो ठेकेदारी का काम करता है। अभिषेक ने 5,000 रुपये लेकर फर्जी अफसर बनकर महिला दरोगा पर दबाव बनाया था।

काकोरी पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या अभिषेक ने इस तरह किसी और को भी अपना शिकार बनाया है। लखनऊ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई खुद को बड़ा अधिकारी बताकर डराए या पैसे मांगे, तो तुरंत इसकी शिकायत करें।