Lucknow को तोहफ़ा, गोमती किनारे बनेगा 150 मीटर ऊंचा ‘लखनऊ आई’ और एडवेंचर सिटी, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

Lucknow: राजधानी लखनऊ को अब एक नई पहचान मिलने वाली है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) गोमती नदी के किनारे ‘लखनऊ आई’ और एक भव्य ‘एडवेंचर सिटी’ विकसित करने की तैयारी में है। इन प्रोजेक्ट्स से न केवल शहर

Lucknow: राजधानी लखनऊ को अब एक नई पहचान मिलने वाली है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) गोमती नदी के किनारे ‘लखनऊ आई’ और एक भव्य ‘एडवेंचर सिटी’ विकसित करने की तैयारी में है। इन प्रोजेक्ट्स से न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए मौके भी खुलेंगे।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, ये दोनों परियोजनाएं पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर तैयार की जाएंगी। ‘लखनऊ आई’ को लंदन आई की तर्ज पर बनाया जाएगा, लेकिन यह उससे भी ऊंचा होगा। इसका व्यास 150 मीटर होगा, जबकि लंदन आई का व्यास 135 मीटर है। इसमें आधुनिक और सुरक्षित केबिन लगाए जाएंगे, जिनसे पर्यटक पूरे शहर का नजारा देख सकेंगे।

वहीं, एडवेंचर सिटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के थीम पार्क, हाई-टेक राइड्स और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं होंगी। इन दोनों प्रोजेक्ट्स पर करीब 2,750 करोड़ रुपये का निवेश होने का अनुमान है। हालांकि, अभी इन प्रोजेक्ट्स के लिए सटीक जगह का चयन होना बाकी है, जिसे जल्द ही तय कर लिया जाएगा।

यह पूरा विकास गोमती रिवरफ्रंट के व्यापक सुधार का हिस्सा है। हाल ही में 19 किलोमीटर लंबे ब्लू ग्रीन कॉरिडोर को भी मंजूरी मिली है। इसमें फ्लोटिंग होटल, सिटी फॉरेस्ट पार्क और भव्य आरती जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इस कॉरिडोर का काम 2027 से 2035 के बीच दो चरणों में पूरा होगा, जिसके पहले चरण पर 1,100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा, लखनऊ में बुजुर्गों के लिए 1,250 करोड़ रुपये की लागत से एक ‘सीनियर सिटी’ (जीरियाट्रिक वेलनेस कैंपस) बनाने का प्रस्ताव है। वहीं, वृंदावन योजना के सेक्टर-15 में एक अलग ‘एआई सिटी’ भी विकसित की जा रही है, जिसमें 10,732 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की उम्मीद है।