Lucknow को तोहफ़ा, गोमती किनारे बनेगा ‘लखनऊ आई’, 2750 करोड़ की लागत से आएगी एडवेंचर सिटी
Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। अब शहर में लंदन की तर्ज पर ‘लखनऊ आई’ और एक शानदार एडवेंचर सिटी बनाई जाएगी। गोमती नदी के किनारे बनने वाला यह प्रोजेक्ट भारत का पहला ग्लोबल टूरिस्ट अट्रैक्शन होगा,
Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। अब शहर में लंदन की तर्ज पर ‘लखनऊ आई’ और एक शानदार एडवेंचर सिटी बनाई जाएगी। गोमती नदी के किनारे बनने वाला यह प्रोजेक्ट भारत का पहला ग्लोबल टूरिस्ट अट्रैक्शन होगा, जिससे शहर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को मनोरंजन के नए विकल्प मिलेंगे।
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 2750 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसे लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर तैयार किया जाएगा। LDA के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लखनऊ आई एक बहुत बड़ा जायंट व्हील होगा, जिसका व्यास 150 मीटर होगा। यह लंदन आई से भी बड़ा होगा, जिससे पर्यटक आसमान से पूरे लखनऊ शहर का नजारा देख सकेंगे।
सिर्फ झूला ही नहीं, बल्कि यहाँ एक वर्ल्ड-क्लास एडवेंचर सिटी भी होगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के थीम पार्क, हाई-टेक राइड्स और वॉटर स्पोर्ट्स जैसी रोमांचक गतिविधियां शामिल होंगी। फिलहाल इस प्रोजेक्ट के लिए सही जगह का चुनाव किया जाना बाकी है, जिसे जल्द ही तय कर लिया जाएगा।
इसके अलावा लखनऊ में बुजुर्गों के लिए भी खास इंतजाम होने जा रहे हैं। करीब 1250 करोड़ रुपये की लागत से 250 एकड़ जमीन पर देश का सबसे बड़ा ‘सीनियर सिटी’ (जेरियाट्रिक वेलनेस कैंपस) बनाया जाएगा। इसे LDA और आवास एवं विकास परिषद मिलकर विकसित करेंगे, जहाँ बुजुर्गों की सेहत और मानसिक शांति का ख्याल रखा जाएगा।
वहीं गोमती रिवरफ्रंट पर भी एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। गौस मोहम्मद क्रिकेट स्टेडियम के पास प्रवेश-7 के नजदीक करीब 6000 वर्ग मीटर में एक एडवेंचर एक्टिविटी जोन बनेगा। इसमें हवा, पानी और जमीन पर आधारित कुल 22 तरह की गतिविधियां होंगी। इसके लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं और कंपनी तय होने के बाद तीन महीने में काम पूरा होने की उम्मीद है। इस जोन का संचालन 10 साल तक एक निजी कंपनी करेगी।