Lucknow में बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा, लोगों ने जेई को 13 किलोमीटर तक दौड़ाया
Lucknow: भीषण गर्मी और बिजली की लगातार कटौती से लखनऊ के लोगों का सब्र टूट गया है। रविवार देर रात बिजली संकट से नाराज भीड़ ने एक जूनियर इंजीनियर (JE) को करीब 13 किलोमीटर तक दौड़ाया। यह पूरी घटना उस समय हुई जब जेई अपनी जान
Lucknow: भीषण गर्मी और बिजली की लगातार कटौती से लखनऊ के लोगों का सब्र टूट गया है। रविवार देर रात बिजली संकट से नाराज भीड़ ने एक जूनियर इंजीनियर (JE) को करीब 13 किलोमीटर तक दौड़ाया। यह पूरी घटना उस समय हुई जब जेई अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी से भागे और उग्र भीड़ उनका पीछा करती रही। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय उपकेंद्र में ओवरलोडिंग की वजह से बिजली की कटौती (रोस्टिंग) करनी पड़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि अगले एक हफ्ते के अंदर यहां 5 MVA का नया पावर ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा, जिससे बिजली की समस्या कम होगी। इसके अलावा अंबेडकर विश्वविद्यालय और FCI उपकेंद्रों में तकनीकी खराबी की वजह से भी सप्लाई बाधित रही।
इस संकट का असर जाहिद नगर, नाजिम नगर, हर्ष नगर, कुंदन विहार, भापटामऊ, पिंक सिटी, बुद्धेश्वर विहार, आदर्श विहार कॉलोनी, हरिकंशगढ़ी, जगतखेड़ा, कल्ली पश्चिम, साहू कॉलोनी, प्रबुद्ध नगर, एकता नगर, साउथ सिटी, पिपरौली, उतरेठिया और पुष्पेंद्र नगर जैसे कई इलाकों में देखा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोजाना रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक बिजली गुल रहती है।
वहीं काकोरी की दुबग्गा सब्जी और फल मंडी में पिछले 48 घंटों से बिजली नहीं है क्योंकि वहां दो ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। इससे व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। शहर के अन्य हिस्सों में भी पावर हाउसों में तोड़फोड़ और बिजली कर्मियों के साथ झड़प की खबरें आई हैं।
हालात को देखते हुए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) ने 31 जुलाई तक अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। साथ ही विभाग ने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए हर उपकेंद्र पर पुलिस बल तैनात करने की मांग की है। यूपी पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने शिकायतों के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।