Lucknow में बिजली संकट से भड़के लोग, अपट्रॉन और लौलाई उपकेंद्र पर जमकर किया हंगामा

Lucknow: राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। 25 जून की रात और 26 जून की सुबह कई इलाकों में बिजली गुल रहने से नाराज नागरिकों ने उपकेंद्रों पर धावा बोल दिया। हालात इतने बिगड़

Lucknow: राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। 25 जून की रात और 26 जून की सुबह कई इलाकों में बिजली गुल रहने से नाराज नागरिकों ने उपकेंद्रों पर धावा बोल दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि अपट्रॉन और लौलाई उपकेंद्रों पर लोगों ने जमकर हंगामा किया और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।

अपट्रॉन उपकेंद्र पर बीती रात करीब 12 बजे हनुमान मंदिर के पास एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जिससे बड़ा इलाका अंधेरे में डूब गया। लोग गुस्से में उपकेंद्र पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई। जब भीड़ बेकाबू होने लगी, तो पुलिस को बुलाकर लोगों को वहां से खदेड़ना पड़ा। अधिशासी अभियंता (XEN) के मुताबिक, मरम्मत के बाद सुबह 3:30 बजे बिजली सप्लाई बहाल की गई।

दूसरी तरफ, चिनहट की काशीराम कॉलोनी के लोगों ने लौलाई उपकेंद्र का घेराव किया। बताया जा रहा है कि मल्हौर का पुरवा इलाके में एबी केबल टूटने से 100 से ज्यादा घरों की बिजली 18 घंटे तक बंद रही। इससे लोगों के सामने पानी का भी संकट खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि छुट्टी के कारण जूनियर इंजीनियर (JE) और एसडीओ (SDO) ने उनके फोन नहीं उठाए। हालांकि, बाद में संविदा कर्मियों ने लाइन जोड़ने की कोशिश की, लेकिन केबल जर्जर होने के कारण वह दोबारा टूट गई। विभाग के पास फिलहाल 300 मीटर नई केबल उपलब्ध नहीं है, जिस वजह से इलाके में अंधेरा बना हुआ है।

शहर के अन्य हिस्सों में भी बिजली की समस्या रही। राजाजीपुरम में एक मिक्सर की टक्कर से दो खंभे गिर गए, जिससे सेक्टर-12 और 13 में देर रात तक बिजली गुल रही। वहीं अमीनाबाद के चिकमंडी और इंदिरा मार्केट जैसे इलाकों में एबी केबल में आग लगने से अंधेरा छा गया। इसके अलावा चौपटिया और अहिबरनपुर उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में भी लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।