Lucknow में नहर किनारे मिला बुजुर्ग का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब इलाके में एक बुजुर्ग का शव नहर के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मामपुर बाना गांव के रहने वाले 60 वर्षीय अवधेश शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशं
Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब इलाके में एक बुजुर्ग का शव नहर के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मामपुर बाना गांव के रहने वाले 60 वर्षीय अवधेश शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से गहन जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, अवधेश शर्मा बृहस्पतिवार को बिना किसी को बताए घर से निकले थे, जिसके बाद से वे लापता थे। उनके परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उन्होंने थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं की थी। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बरगदी गांव के पास नहर में उनका शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि शव पर चोट के कोई बाहरी निशान नहीं दिखे हैं। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था। मृतक के पैरों में चप्पलें थीं और उनकी पैंट की जेब से पर्स, कुछ जरूरी कागजात और आधार कार्ड बरामद हुआ है। अवधेश शर्मा एक निजी अधिवक्ता के मुंशी के तौर पर काम करते थे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिवार में उनके दो बेटे हैं, जिनमें से बड़ा बेटा अतुल शर्मा दिल्ली में काम करता है और छोटा बेटा मिथुन शर्मा निजी जेसीबी मशीन चलाने का काम करता है।