Lucknow को तोहफ़ा, दुबग्गा में बनेगा 1.8 किमी लंबा फ्लाईओवर, लाखों लोगों को जाम से मिलेगी राहत
Lucknow: लखनऊ के दुबग्गा चौराहे पर लगने वाले भारी जाम से अब जल्द छुटकारा मिलेगा। शहर में प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने लखनऊ-हरदोई मार्ग पर निर्माण स्थल का दौ
Lucknow: लखनऊ के दुबग्गा चौराहे पर लगने वाले भारी जाम से अब जल्द छुटकारा मिलेगा। शहर में प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने लखनऊ-हरदोई मार्ग पर निर्माण स्थल का दौरा किया और काम की प्रगति का जायजा लिया।
डीएम विशाख जी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि तकनीकी और प्रशासनिक कागजी कार्रवाई में कोई देरी न की जाए। उन्होंने वन विभाग, मंडी परिषद और लखनऊ विकास प्राधिकरण के साथ भूमि अधिग्रहण के मुद्दों पर चर्चा की। डीएम ने मंडी परिषद के अधिकारियों को प्रभावित जमीन का जल्द आकलन करने और सेतु निगम को मुआवजे की जानकारी देने को कहा है। साथ ही वन भूमि की अनुमति के लिए तुरंत ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा मार्च 2026 में मंजूर किया गया था। इस फ्लाईओवर का निर्माण उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा किया जाएगा। इसे खास तौर पर ‘एल’ आकार में डिजाइन किया गया है ताकि चारबाग से वसंत कुंज तक जाने वाले मेट्रो मार्ग में कोई दिक्कत न आए। यह फ्लाईओवर मूसाबाग मेट्रो स्टेशन से करीब 12 मीटर की दूरी पर और मेट्रो लाइन से 6 मीटर नीचे से गुजरेगा।
| विवरण | जानकारी |
|---|---|
| फ्लाईओवर की लंबाई | 1800 मीटर (1.8 किमी) |
| चौड़ाई और लेन | 11.5 मीटर, तीन लेन |
| कुल अनुमानित लागत | ₹305.31 करोड़ |
| निर्माण एजेंसी | उत्तर प्रदेश सेतु निगम |
| पूरा होने का लक्ष्य | 15 महीने |
| लाभान्वित लोग | लगभग 4 से 5 लाख |
इस फ्लाईओवर के बनने से कानपुर बाईपास, आगरा एक्सप्रेसवे, हरदोई रोड, आईआईएम रोड, सीतापुर, मलिहाबाद और चौक जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। हरदोई हाईवे पर यू-टर्न की सुविधा के लिए एक रोटरी भी बनाई जाएगी, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा।