Lucknow में खजूर के गोदाम में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप, लाखों का नुकसान
Lucknow/Dubagga: राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में शनिवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लग गई। यहां खजूर पैकिंग का एक बड़ा गोदाम संचालित था, जिसमें आग तेजी से फैली। गनीमत रही कि समय रहते लोगों को पता च
Lucknow/Dubagga: राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में शनिवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लग गई। यहां खजूर पैकिंग का एक बड़ा गोदाम संचालित था, जिसमें आग तेजी से फैली। गनीमत रही कि समय रहते लोगों को पता चल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना दोपहर करीब 1 बजे काकोरी के दुबग्गा स्थित बरावन कलां में यूनिटी कॉलेज के सामने हुई। बताया जा रहा है कि आग बेसमेंट में लगे सबमीटर के पास शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। चिंगारी उठते ही पास में रखे कागज के गत्तों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में मौजूद काशिफ, मैनेजर मोहम्मद मेहंदी और सदफ ने जैसे ही धुआं देखा, वे तुरंत बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एफएसओ चौक पुष्पेंद्र यादव ने पुष्टि की है कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है।
इस आग की वजह से गोदाम में रखा डीप फ्रीजर और लाखों रुपये के खजूर पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, इस तीन मंजिला इमारत के मालिक बालागंज के शशांक यादव हैं, जबकि गोदाम हुसैनाबाद के सैय्यद इख्तिखार रजा आब्दी का था, जो हादसे के समय लखनऊ से बाहर थे। बेसमेंट के ऊपर की मंजिलों में एक होटल भी संचालित था।