Lucknow में सीएनजी सिलेंडरों से लदी डीसीएम ने बाइक को कई किलोमीटर तक घसीटा, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
Lucknow: राजधानी के दरोगा खेड़ा इलाके में रविवार देर रात एक बेहद डरावना हादसा होते-होते बच गया। यहाँ एक डीसीएम ट्रक के अगले हिस्से में एक मोटरसाइकिल फंस गई, जिसे चालक को पता ही नहीं चला और वह उसे कई किलोमीटर तक घसीटता रह
Lucknow: राजधानी के दरोगा खेड़ा इलाके में रविवार देर रात एक बेहद डरावना हादसा होते-होते बच गया। यहाँ एक डीसीएम ट्रक के अगले हिस्से में एक मोटरसाइकिल फंस गई, जिसे चालक को पता ही नहीं चला और वह उसे कई किलोमीटर तक घसीटता रहा। ट्रक पर सीएनजी सिलेंडर लदे होने की वजह से सड़क पर लगातार चिंगारियां निकल रही थीं, जिससे किसी भी वक्त भीषण विस्फोट हो सकता था।
यह घटना कृष्णानगर इलाके की है जहाँ राहगीरों ने इस खतरनाक मंजर को देखा और तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही कृष्णानगर ट्रैफिक पुलिस के टी.आई. प्रभारी राजेश कुमार, पुष्कल सिंह और मयंक सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए दौड़ती हुई डीसीएम का पीछा किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे रुकवाया।
पुलिस ने समय रहते ट्रक को रुकवाकर फंसी हुई बाइक को अलग किया, जिससे एक बड़ी जनहानि होने से बच गई। पुलिस ने डीसीएम संख्या UP32 TN 9240 और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ कानून के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद पुलिस ने सभी वाहन चालकों के लिए एक जरूरी अपील जारी की है। पुलिस ने कहा है कि जो लोग ज्वलनशील सामग्री लेकर चलते हैं, वे विशेष सावधानी बरतें। साथ ही, गाड़ी चलाते समय अगर कोई असामान्य आवाज सुनाई दे या किसी टक्कर का अहसास हो, तो वाहन को तुरंत रोककर जांच जरूर करें। स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की इस तत्परता और बहादुरी की काफी तारीफ की है।