Lucknow अग्निकांड: आदित्य की मां ने मांगी 1 करोड़ की मदद और सरकारी नौकरी, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

Lucknow: अलीगंज के एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। इस हादसे में सीतापुर के रहने वाले 21 वर्षीय छात्र आदित्य श्रीवास्तव की मौत हो गई थी। अब आदित्य की मां कल्पना श्रीवास्तव ने सरकार से मुआवजे

Lucknow: अलीगंज के एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। इस हादसे में सीतापुर के रहने वाले 21 वर्षीय छात्र आदित्य श्रीवास्तव की मौत हो गई थी। अब आदित्य की मां कल्पना श्रीवास्तव ने सरकार से मुआवजे की मांग करते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

कल्पना श्रीवास्तव का कहना है कि सरकार द्वारा घोषित 5 लाख रुपये का मुआवजा बहुत कम है। उन्होंने मांग की है कि हर पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। उन्होंने लखनऊ प्रशासन को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया और कहा कि बचाव दल ने समय पर काम नहीं किया और लापरवाही बरती। उन्होंने मांग की है कि जिन लोगों की गलती से यह हादसा हुआ, उन्हें उम्रकैद की सजा मिले और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए।

इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पीएम रिलीफ फंड से मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यों की SIT गठित की है, जिसे सात दिन में रिपोर्ट देनी होगी।

जांच में कई बड़ी खामियां सामने आई हैं। LDA की रिपोर्ट के मुताबिक, इमारत का निर्माण नक्शे के खिलाफ था और वहां फायर NOC भी नहीं थी। साल 2016 में इसे गिराने का आदेश हुआ था, लेकिन दो महीने में ही उसे रद्द कर दिया गया। इस लापरवाही के चलते LDA के 18 अधिकारी और इंजीनियर जिम्मेदार पाए गए हैं। फिलहाल LDA, अग्निशमन और विद्युत विभाग के चार अधिकारियों को सस्पेंड किया जा चुका है और चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए हैं कि अब किसी भी बेसमेंट में कोचिंग सेंटर या नर्सिंग होम जैसी व्यावसायिक गतिविधियां नहीं चलेंगी। साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराने के आदेश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।