Lucknow में सीएनजी सिलिंडर से लदी डीसीएम ने बाइक को घसीटा, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
Lucknow: राजधानी के सरोजिनीनगर इलाके में एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। शनिवार रात कानपुर रोड पर सीएनजी गैस सिलेंडरों से लदी एक डीसीएम ने एक बाइक को टक्कर मार दी और उसे करीब दो किलोमीटर तक घसीटती रही। इस दौरान सड़क पर त
Lucknow: राजधानी के सरोजिनीनगर इलाके में एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। शनिवार रात कानपुर रोड पर सीएनजी गैस सिलेंडरों से लदी एक डीसीएम ने एक बाइक को टक्कर मार दी और उसे करीब दो किलोमीटर तक घसीटती रही। इस दौरान सड़क पर तेज चिंगारियां निकल रही थीं, जिससे किसी भी वक्त बड़ा विस्फोट हो सकता था।
घटना दरोगा खेड़ा क्षेत्र के स्कूटर इंडिया चौराहे के पास की है। बंथरा के रहने वाले शिवांश मिश्रा अपनी ड्यूटी से लौट रहे थे और चौराहे पर पानी पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम (UP32 TN 9240) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक डीसीएम के अगले हिस्से में फंस गई।
राहगीरों ने शोर मचाकर चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में बाइक को घसीटता रहा। सूचना मिलते ही कृष्णानगर ट्रैफिक पुलिस के टीआई प्रभारी राजेश कुमार, कांस्टेबल पुष्कल सिंह और मयंक सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने बहादुरी दिखाते हुए डीसीएम का पीछा किया और उसे दरोगा खेड़ा के पास रुकवाया। पुलिस ने फंसी हुई बाइक को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने जब डीसीएम चालक सज्जन को पकड़ा, तो वह नशे की हालत में पाया गया। चालक उन्नाव के सोहरामऊ आशाखेड़ा का रहने वाला है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ज्वलनशील सामान ले जाने वाले वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें और किसी भी असामान्य आवाज या टक्कर पर तुरंत गाड़ी रोककर जांच करें।